
जमुई में एक दुर्घटना में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में सदर प्रखंड क्षेत्र के नीम नवादा निवासी विनोद राम(45) गंभीर रूप से घायल हो गए। शनिवार रात करीब 8:45 बजे विनोद राम अपने दोस्त महेश महतो को बिहार पुलिस परीक्षा के लिए जमुई रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। उनकी बाइक जब जमुई-मलयपुर मुख्य मार्ग के सतगामा गांव के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मारकर फरार हो गई। घायल को किया पटना रेफर हादसे में विनोद राम गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि महेश महतो को मामूली चोटें आई। घायल विनोद को तुरंत सदर अस्पताल लाया गया। वहां प्रारंभिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।घटना की जानकारी मिलने के बाद टाउन थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि घायल के साथ बैठे महेश महतो के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस फरार हुई बस और उसके चालक की तलाश कर रही है।