पूर्णिया के डगरूआ में CSP संचालक से 1.92 लाख की लूट मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वारदात को पल्सर बाइक पर सवार 3 हथियारबंद अपराधियों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने इनमें से एक बदमाश को पकड़ा है। पकड़े गए बदमाश की पहचान डगरुआ थाना क्षेत्र के डरहा गांव निवासी मकबुल के बेटे मुबारक 22 के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके पास से लूटी गई रकम से खरीदे मोबाइल और 5 हजार कैश बरामद किया है। पुलिस ने पकड़ाए बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। डगरूआ थानाध्यक्ष रवीन्द्र कुमार ने बताया कि बीते 18 जून की दोपहर पूर्णिया के SBI डगरुआ शाखा से रुपए की निकासी कर वापस CSP संचालक बभनी लौट रहे थे, इसी क्रम में बभनी–बेलवाड़ी गांव के बीच बदमाशों ने घेरा। उन्होंने बाइक रुकवाई, जब तक वे कुछ समझ पाते हथियार सटा दिया और फिर 1.92 लाख लूट लिए गए। बदमाश वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। पीड़ित ने थाने में की थी शिकायत सीएसपी संचालक की ओर से थाने में लिखित शिकायत दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया और बदमाशों की धर पकड़ के लिए छापेमारी शुरू की गई। गठित टीम ने मिले इनपुट पर डगरुआ थाना क्षेत्र के डरहा गांव के रहने वाले मुबारक को पकड़ा। पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने वारदात में शामिल दो अन्य बदमाश से जुड़ी जानकारी दी है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
