बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का आज जन्मदिन है। इसको लेकर जेडीयू (जनता दल यूनाइटेड) कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर ने राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। पार्टी कार्यालय के बाहर बड़े-बड़े पोस्टर्स लगाए गए हैं, जिनमें से लिखा गया है कि “बिहार की मांग सुन लिए निशांत बहुत बहुत धन्यवाद”। आगामी विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं निशांत इन पोस्टर्स में निशांत कुमार की तस्वीर प्रमुख रूप से छपी है। उन्हें भावी नेता के रूप में दिखाया गया है। इस पोस्टर से यह तय माना जा रहा है कि निशांत कुमार अब सक्रिय राजनीति में प्रवेश करने जा रहे हैं। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में चुनाव लड़ सकते हैं। अब तक निशांत कुमार ने सार्वजनिक जीवन से दूरी बना रखी थी। राजनीति में आने से इनकार करते रहे हैं। वे इंजीनियरिंग से ग्रेजुएट हैं। निजी जीवन में बेहद लो-प्रोफाइल माने जाते हैं। लेकिन आज के पोस्टर्स के बाद यह कयास लगने लगे हैं कि वे नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत संभालने के लिए तैयार हैं। इन बैनरों में निशांत को “बिहार की भविष्य की जरूरत” बताया गया है। पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं हालांकि, अब तक जेडीयू की ओर से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन सूत्रों की मानें तो पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता निशांत को राजनीति में लाने की वकालत कर रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि उन्हें पटना या नालंदा की किसी सीट से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है।
