पटना में आज यानी शनिवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम का त्योहार रक्षाबंधन धूमधाम से मनाया जा रहा है। CM नीतीश कुमार, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत कई बड़े नेता रक्षाबंधन को सेलिब्रेट करेंगे। वहीं, खान सर की ओर से श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। CM नीतीश कुमार ईको पार्क पहुंचेंगे। यहां पेड़ को राखी बांधेंगें। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया X पर बहनों के नाम संदेश जारी किया है। चर्चित शिक्षक खान सर ने एक बड़ा आयोजन किया है, जिसमें हजारों छात्राएं उन्हें राखी बांधेंगी। इसको लेकर एसके मेमोरियल हॉल में प्रोग्राम का आयोजन किया गया है। सीएम के साथ दोनों डिप्टी सीएम पहुंचेंगे ईको पार्क CM नीतीश रक्षाबंधन के दिन को बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस के रूप में मनाते आए हैं। कार्यक्रम का आयोजन 10.30 बजे से किया गया है। इसकी अध्यक्षता मंत्री सुनील कुमार करेंगे। सीएम के साथ दोनों डिप्टी सीएम और मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहेंगे। तेजस्वी ने बहनों के नाम जारी किया संदेश नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया X पर बिहार की बहनों के नाम एक संदेश साझा किया। उन्होंने खुद को बिहार की हर बहन का भाई बताते हुए कहा कि इस पावन अवसर पर एक विशेष अनुरोध करने आए हैं। ‘मेरा अनुरोध है कि अपने-अपने भाइयों को राखी बांधने के बाद आप एक राखी और अपने इस भाई तेजस्वी के नाम की भी बांधें’। ‘आपका तेजस्वी भैया हर घर में तो नहीं आ सकता, लेकिन हर घर और हर बहन की भलाई के बारे में सोच रहा है और उनके लिए नीतियां बना रहा है। इन योजनाओं को लागू करने के लिए मुझे अपनी सभी बहनों के सहयोग की आवश्यकता है’। तेजस्वी ने अपील की कि बहनें रक्षाबंधन के दिन एक राखी और चुनाव में एक वोट दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चाहे बेरोजगारी, महंगाई, अपराध, गरीबी या भ्रष्टाचार—वह हमेशा उनकी रक्षा के लिए एक ‘रक्षा चक्र’ बनकर खड़े रहेंगे। पटना में 2 दिन फ्री बस सेवा 9 और 10 अगस्त को राज्यभर में सरकारी बसों में सफर करने वाली महिलाओं से किराया नहीं लिया जाएगा। इस संबंध में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा की ओर से आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। यह सुविधा आज 9 अगस्त (शनिवार) सुबह 6 बजे से शुरू होकर कल 10 अगस्त (रविवार) देर शाम तक लागू रहेगी। इस दौरान सभी आयु वर्ग की महिलाएं बिना टिकट के निगम की पिंक, साधारण और डीलक्स बसों में यात्रा कर सकेंगी। पटना, गया समेत कुछ शहरों में सुविधा इन बसों का संचालन पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया स्थित छह क्षेत्रीय कार्यालयों से विभिन्न मार्गों पर किया जा रहा है। गौरतलब है कि निगम की बसों में 65% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
