जालौन में बुधवार को उरई स्थित विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में बाल विकास पुष्टाहार विभाग द्वारा मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस कार्यक्रम में जिले की 13 अभ्यर्थियों को मुख्य सेविका के पद पर नियुक्ति पत्र दिए गए। जैसे ही चयनित अभ्यर्थियों को उनके हाथों में नियुक्ति पत्र सौंपे गए, उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उरई विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन तथा मुख्य विकास अधिकारी के.के सिंह मौजूद रहे। विधायकों ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 2017 से अब तक निरंतर युवाओं व महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ठोस प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर घर तक विकास पहुंचाना और योग्य युवाओं को अवसर प्रदान करना है। वहीं माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार रोजगार सृजन की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि हर पात्र व्यक्ति को सम्मानजनक कार्य और बेहतर भविष्य का अवसर मिले। उन्होंने नवचयनित मुख्य सेविकाओं से अपेक्षा जताई कि वे अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी। मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह ने भी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि बाल विकास पुष्टाहार विभाग की यह नियुक्तियां ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में कुपोषण की समस्या से निपटने और महिलाओं-बच्चों के स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने मुख्य सेविकाओं को कार्य के दौरान पारदर्शिता, ईमानदारी और सेवा भाव बनाए रखने की सलाह दी। इस अवसर पर बाल विकास विभाग के अधिकारी शरद अवस्थी के साथ कर्मचारी और अभ्यर्थियों के परिजन भी मौजूद रहे। पूरे सभागार में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों की आंखों में भविष्य के सपनों और जिम्मेदारी निभाने का जोश साफ झलक रहा था।
