लखनऊ के लोक भवन में बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खीरी की 64 युवतियों को मुख्य सेविका के नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें थारू जनजाति की 11 बेटियां भी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत इन बेटियों का चयन हुआ है। कार्यक्रम में खीरी की नवचयनित मुख्य सेविका गुरप्रीत कौर और थारू जनजाति क्षेत्र की पूजा सिंह ने मुख्यमंत्री से नियुक्ति पत्र प्राप्त किया। सुरमा गांव की नंदोराना से मुख्यमंत्री ने विशेष संवाद किया। नंदोराना पहले शिक्षामित्र के रूप में कार्यरत थीं। उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी। सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने उन्हें नया जीवन दिया है। डीपीओ भारत प्रसाद की देखरेख में सभी 64 नवचयनित मुख्य सेविकाएं लोकभवन पहुंची थीं। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से कुल 2,425 मुख्य सेविकाओं और 13 फार्मासिस्टों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने थारू जनजाति की बेटियों की इस उपलब्धि को जनजातीय समाज की मेहनत और बदलते परिवेश का प्रतीक बताया।
