काशी हिंदू विश्वविद्यालय ने बैचलर ऑफ वेटरिनरी साइंस एंड एनिमल हसबेंड्री पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 6 सितम्बर, 2025 की मध्यरात्रि 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन है तथा पंजीकरण विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.bhu.ac.in, https://www.bhu.ac.in एवं bhuadm.samarth.edu.in https://bhuadm.samarth.edu.in के माध्यम से की जा सकती है। 51 सीटों पर खुद प्रवेश कराएगा बीएचयू प्रवेश इस वर्ष भी नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET-2025) के अंकों के आधार पर होगा। कुल 60 सीटों में से 15 प्रतिशत यानी 09 सीटें वेटरिनरी काउंसिल ऑफ इंडिया (VCI) द्वारा भरी जाएंगी, जबकि शेष 51 सीटों पर बीएचयू स्वयं प्रवेश देगा। यह पाठ्यक्रम फैकल्टी ऑफ वेटरिनरी एंड एनिमल साइंसेज़, इंस्टिट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज़, राजीव गांधी साउथ कैंपस (आरजीएससी), बरकच्छा, मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश में संचालित है। 6 सितम्बर तक जमा होगा आवेदन फार्म फैकल्टी के अधिष्ठाता प्रो. अमित राज गुप्ता ने जानकारी दी कि सत्र 2025-26 के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है, जिससे छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आवेदन पत्र 23 अगस्त 2025 से उपलब्ध हैं और 6 सितम्बर तक जमा किए जा सकेंगे। विश्वविद्यालय 12 सितम्बर को परिणाम घोषित करने की संभावना जता रहा है। वहीं, रिक्त सीटों की स्थिति में अतिरिक्त परिणाम भी जारी किए जा सकते हैं। 15 सितंबर से शुरू होगी कक्षाएं रिपोर्टिंग और कक्षाओं का संभावित आरम्भ 15 सितम्बर 2025 से होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि बीएचयू द्वारा संचालित यह पाठ्यक्रम युवाओं को पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन के क्षेत्र में करियर निर्माण का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। ग्रामीण एवं कृषि प्रधान भारत में इस क्षेत्र के विशेषज्ञों की मांग निरंतर बढ़ रही है। ऐसे में बीएचयू का यह कार्यक्रम अभ्यर्थियों के लिए न केवल शैक्षणिक बल्कि व्यावसायिक दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी साबित होगा।
