रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र के जमुनीपुर में सोमवार को एक दुखद घटना सामने आई। अलीपुर चकराई गांव निवासी विजय साहू अपनी परचून की दुकान पर इलेक्ट्रॉनिक कांटा लगा रहे थे। कांटे को बिजली से जोड़ते ही वे करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गदागंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार, विजय साहू लंबे समय से गांव में परचून की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। इस अचानक हुई घटना से पूरा गांव स्तब्ध है। थाना प्रभारी दयानंद ने बताया कि आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।
