बाराबंकी पुलिस ने दो अंतर्जनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिता-पुत्र की जोड़ी है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के 26,070 रुपये, 258 ग्राम अवैध मारफीन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर स्वाट टीम, सर्विलांस और बड्डूपुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने 24 अगस्त को टड़वानानकारी गांव के पास से दो लोगों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के कितुरी गांव निवासी दिनेश अवस्थी और उनके बेटे मनोज कुमार अवस्थी के रूप में हुई। एडिशनल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी कि गिरफ्तार दोनों चोरों ने पूछताछ में बताया कि दोनों 20 अगस्त को बड्डूपुर में रीवा सीवा बाजार स्थित जय मां ट्रेडर्स पर गए थे। दुकानदार से सीमेंट मांगा और जब वह गोदाम में गया तो गल्ले से 94,000 रुपये चोरी कर फरार हो गए। चोरी के पैसों से मारफीन खरीदी और उसे बेचने की योजना बना रहे थे। आरोपी पहले रेकी करते हैं और फिर वारदात को अंजाम देते हैं। ये आस-पास के जिलों में भी चोरी करते हैं। पुलिस अन्य जिलों से भी इनके अपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। बड्डूपुर थाने में इनके खिलाफ चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
