भाई-भाभी सहित परिवार के अन्य लोगों की ओर से शराब पीने के रुपए देने व भड़काने के चलते पति की ओर से पत्नी के साथ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में विवाहिता ने रावतसर पुलिस थाना में पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर दर्ज हुए मुकदमे में सिलोचना देवी पत्नी धोलूराम निवासी वार्ड सात, रावतसर ने बताया कि उसकी शादी करीब 12 वर्ष पूर्व धोलूराम पुत्र श्रवण कुमार निवासी रावतसर के साथ हुई थी। उसका पति धोलूराम आपराधिक किस्म का व्यक्ति है, जो आए दिन उससे मारपीट करता है। उसे कई बार पाबंद किया गया है परन्तु उसने अपनी आदत नहीं छोड़ी। 22 अक्टूबर 2024 को उसका पति शराब पीकर घर में आया और मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी। वह भागकर अपने जेठ महेन्द्र के घर चली गई। उसके पति ने महेन्द्र के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर छुड़वाया, अन्यथा वह उसकी हत्या कर देता। उसने इस संबंध में रावतसर पुलिस थाना में परिवाद पेश किया। उसी रात करीब 8.30 बजे वह अपनी दुकान में बैठी थी। तभी कालूराम पुत्र श्रवण कुमार, मनोहरी देवी पत्नी कालूराम आए और गाली-गलौज करने लगे। नीचे पटक मनोहरी देवी उसके ऊपर बैठ गई और गला दबाया। थाप-मुक्कों से मारपीट करते हुए कहा कि उसके पति धोलूराम को उन्होंने शराब पीने के लिए रुपए दे दिए हैं। वो उनके कहने के अनुसार ही चलेगा। आज तुझे जान से मारेंगे। उसने शोर मचाया तो आस-पड़ोस के लोगों ने आकर छुड़ाया। कालूराम व मनोहरी देवी ने जाते-जाते धमकी दी कि वे धोलूराम को उसके खिलाफ भड़काकर जान से मरवाएंगे। हमने रावतसर थाना में रुपए दे दिए हैं। थाना प्रभारी हमारे खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकता। मारपीट में उसकी चोटें लगी। वह मुकदमा दर्ज करवाने के लिए रात्रि को ही रावतसर थाना पहुंची, लेकिन थाना प्रभारी ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।
