फाजिल्का में आज यानी गुरुवार को भाजपा महिला नेत्री वंदना सांगवाल और जिला प्रधान काका कम्बोज को हिरासत में ले लिया। अबोहर में भाजपा द्वारा केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार के लिए लगाए गए कैंप को पुलिस ने बंद करवा दिया। घटना गांव रायपुरा की है, जहां डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस बल ने कार्रवाई की। इस कार्रवाई के विरोध में अबोहर के विधायक संदीप जाखड़ थाना सदर पहुंचे। उन्होंने कहा कि दोनों नेता अधिकृत आईडी के साथ योजनाओं का फायदा लोगों तक पहुंचाने के लिए कैंप लगा रहे थे। विधायक जाखड़ ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार के इशारे पर यह कार्रवाई की गई है। वे अपने समर्थकों के साथ एसएसपी कार्यालय फाजिल्का पहुंचे। इस दौरान मेयर विमल ठठई भी मौजूद रहे। वंदना सांगवाल के पति साहिल सांगवाल ने कहा कि यह कार्रवाई मनीष सिसोदिया के बयान के बाद हुई है। सिसोदिया ने कहा था कि सत्ता हासिल करने के लिए वे हर तरह की नीति अपनाएंगे।
