अमेठी के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के रूदौली गांव में गुरुवार को दोहरे हत्याकांड की घटना सामने आई। धान के खेत में जहरीली दवा डालने के विवाद में एक चाचा ने अपने परिजनों के साथ मिलकर महिला और उसके बेटे की हत्या कर दी। घटना गुरुवार की है, जब रामावती (45) और उसका बेटा आकाश (20) खेत पर काम करने गए थे। इसी दौरान चाचा और उसके परिवार के लोगों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मां-बेटे को सीएचसी मुसाफिरखाना ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सीओ समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वारदात के बाद आरोपी चाचा अपने परिजनों के साथ फरार हो गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
