भिंड के असवार थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक उछलकर खाई में गिर गई और कार भी पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, लहार की ओर से आ रही एक ईको कार ने चौरई गांव के पास पेट्रोल पंप के पास सेंवढ़ा की ओर से आ रही बाइक को रांग साइड से टक्कर मार दी। बाइक पर सवार सिया यादव (ईंगई) और राहुल यादव (महाराजपुर, थाना सेंवढ़ा, जिला दतिया) गंभीर रूप से घायल हो गए। असवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नितिन मावई ने बताया कि दोनों घायलों को सिविल अस्पताल लहार में एम्बुलेंस से भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उचित उपचार के लिए आगे रेफर किया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से संबंधित सभी विवरण जुटा रही है।
