बदायूं में बरेली-आगरा राजमार्ग पर सोमवार सुबह लगभग 7 बजे एक बड़ा हादसा हुआ। थाने की सरकारी बोलेरो जीप का अगला टायर फटने से गाड़ी पलट गई। हादसे में गाड़ी में सवार सिपाही वीरेंद्र सिंह को गंभीर चोटें आईं। दरोगा दिनेश त्यागी और चालक सुरेंद्र शर्मा बाल-बाल बच गए। घटना विजय नगला के पास हुई। गाड़ी खाई में जाकर पलटी। आसपास खेतों में काम कर रहे लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाड़ी को सीधा कर पुलिस कर्मियों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि गाड़ी पानी के गड्ढे में नहीं गिरी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ उझानी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना। हादसे में थाने की गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
