संभल में तेंदुए की आमद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। थाना असमोली क्षेत्र के गांव सैदपुर जसकोली में शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक तेंदुआ ओंकार सिंह के घर में घुस गया। ओंकार सिंह ने घर में चहल-पहल की आवाज सुनकर छत से टॉर्च की रोशनी डाली। तेंदुए को बरामदे में टहलते देखा। रोशनी पड़ते ही वह इधर-उधर भागने लगा और दीवार पर भी चढ़ गया। एक ही रात में तेंदुआ तीन बार उनके घर में घुसा। इससे पहले 14 अगस्त की रात को होमगार्ड अमित कुमार ने ड्यूटी से लौटते वक्त महेंद्र सिंह की पुलिया पर तेंदुए को देखा। उन्होंने थाने में सूचना दी और मोबाइल से तेंदुए की वीडियो बनाई। गाड़ी की लाइट पड़ते ही तेंदुआ जंगल में भाग गया। 17 दिन पहले भी इसी गांव में तेंदुआ दिखा था। वन विभाग ने पिंजरा लगाया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। गांव हरसिंहपुर में तेंदुआ तीन बकरियों को शिकार बना चुका है। लगातार हो रही बारिश से जंगल की मिट्टी गीली होने के कारण तेंदुए के पदचिह्न नहीं मिल पा रहे हैं। वन विभाग की DFO प्रीति यादव का दावा था कि तेंदुआ अमरोहा के रास्ते आकर वापस चला गया होगा। लेकिन तेंदुए की लगातार मौजूदगी से उनका यह दावा गलत साबित हो रहा है।
