हरियाणा के कुरुक्षेत्र से सीएम नायब सिंह सैनी आज वन महोत्सव कार्यक्रम का आगाज करेंगे। इसके लिए पिहोवा के स्योंसर जंगल में सीएम पौधरोपण करेंगे। इसके अलावा सीएम नायब सैनी सरस्वती आर्द्रभूमि जलाशय व सरस्वती पादप एवं जैव विविधता संरक्षण वाटिका का शिलान्यास भी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम में वन एवं वन्य प्राणी मंत्री राव नरबीर सिंह और सांसद नवीन जिंदल भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान 70 एकड़ में बनने वाले सफारी प्रोजेक्ट पर चर्चा होगी। इस प्रोजेक्ट के लिए सरस्वती हेरिटेज बोर्ड भी सहयोग करेगा। 11 हजार एकड़ में फैला जंगल
स्योंसर जंगल करीब 11 हजार एकड़ में फैला है। इसका बॉर्डर जिला कैथल से पंजाब तक है। यहां जंगल के जानवरों के लिए सरस्वती हेरिटेज बोर्ड की मदद से जलाशय बनाए जाएंगे, ताकि जानवरों के लिए पानी की व्यवस्था हो सके। जंगल सफारी पर होगी कार्यक्रम के बाद सीएम नायब सैनी जंगल सफारी प्रोजेक्ट को लेकर भी चर्चा करेंगे। यहां करीब 70 एकड़ में सफारी बनाई जाएगी। सीएम सफारी को लेकर जमीन का जायजा भी लेंगे। इस जंगल में बंदर, नीलगाय, हिरण, गीदड़ और लोमड़ी जैसे जानवर पाए जाते हैं।
