फिरोजाबाद के थाना टूंडला के गांव जरोली कला में एक दुखद घटना सामने आई। 20 वर्षीय सुलेखा, जो अपने फूफा राजू के घर भाई को राखी बांधने आई थी, की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब सुलेखा अपने फूफा राजू (38) के घर अपने भाई रजत (18) को राखी बांधने पहुंची थी। तेज हवा चलने के कारण घर में लगे टिन शेड 11000 वोल्ट की हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आ गए। इससे टिन शेड में करंट आ गया। सुलेखा करंट की चपेट में आकर चिपक गई। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। उसके फूफा राजू और भाई रजत भी गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज जारी है।
परिजनों ने बताया कि सुलेखा शनिवार सुबह अपने फूफा के घर पर आई थी। वह कुछ देर रुकने के बाद वापस चली गई थी। शाम को दोबारा आई थी। इसके बाद रात्रि में यह घटना घटित हो गई। स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। बिजली विभाग से भी इस मामले में रिपोर्ट मांगी गई है। परिवार के सदस्य शोक में डूबे हुए हैं। रक्षाबंधन का त्योहार परिवार के लिए दुख का कारण बन गया।
