पिछले वर्षाें की तर्ज पर इस बार भी BJP स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुट गई। हर घर तिरंगा लहराने के लिए तैयारी चल रही है। इसके लिए मंडल स्तर पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। कार्यकर्ता तिरंगा यात्रा भी निकालेंगे। भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया, “प्रदेश व केंद्र नेतृत्व द्वारा ‘हर घर-तिरंगा अभियान’ को लेकर जिलों के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रयागराज महानगर के सभी 15 मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम को लेकर प्रत्येक मंडल में एक संयोजक और दो सह संयोजक बनाए गए हैं।” 3 दिन निकाली जाएगी तिरंगा यात्रा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता कहते हैं, 7 व 8 अगस्त को अभियान को लेकर मंडल स्तर पर बैठक आहूत की जाएगी। 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडलों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा में युवा मोर्चा व महिला मोर्चा की प्रमुख भूमिका होगी जिसमें व्यापारियों, आमजन, युवाओं व महिलाओं को जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए। आधुनिक रक्षा उपकरणों की फोटो के प्ले कार्ड्स भी यात्रा में रहेगी। शहीद सैनिकों के परिवार का करेंगे सम्मान मंडलों में युद्ध में बलिदान हुए सैनिकों के परिजनों का सम्मान उनके घर जाकर किया जाएगा। 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण स्मारकों के आस पास स्वच्छता अभियान चलाकर पुष्पार्चन किया जाएगा। 13 से 15 अगस्त तक झंडे का वितरण एवं घरों में झंडा लगाने का कार्यक्रम चलाया जाएगा। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर जिला कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन व उसके बाद मौन जुलूस निकाला जाएगा एवं विभाजन में प्रभावित परिवारों को संगोष्ठी में आमंत्रित किया जाएगा। घर पर तिरंगा लगाकर सरल एप पर करेंगे अपलोड महानगर अध्यक्ष ने कहा, कार्यकर्ता 15 अगस्त को अपने घरों में झंडा लगाते हुए उसकी फोटो सरल एप पर लोड करें। महानगर अध्यक्ष ने लोगों से अपील की है कि हर घर तिरंगा अभियान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें। युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष पप्पू पांडेय को अभियान का संयोजक एवं अविनाश दुबे व दिलीप केसरवानी को सह संयोजक बनाया गया है।
