बुरहानपुर में बुधवार को ग्राम पंचायत जामुनिया में आईसीटीसी सीएचसी खकनार अस्पताल के एड्स विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 63 लोगों की एचआईवी, एड्स और सिफलिस की जांच की गई। खकनार अस्पताल के एड्स परामर्शदाता हरलाल सिसोदिया ने बताया कि इन बीमारियों की जांच जितनी जल्दी करवाई जाए, उतनी जल्दी बीमारी का पता लगता है। उन्होंने कहा कि अगर रिपोर्ट में पॉजिटिव आने पर घबराने की जरूरत नहीं है। मरीज को समय से पहले एआरटी सेंटर पर भेजकर निशुल्क उपचार किया जा सकता है। गांव-गांव लग रहे एचआईवी, एड्स, सिफलिस और टीबी जांच के शिविर
बुरहानपुर के सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र कुमार वर्मा के आदेश और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खकनार अस्पताल के सीबीएमओ डॉ. अनुराग सोनी के मार्गदर्शन में गांव-गांव में एचआईवी, एड्स, सिफलिस और टीबी के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बीमारियों के प्रमुख लक्षण और कारणों के बारे में जानकारी दी
एड्स विभाग बुरहानपुर के नोडल अधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी के निर्देशन में आईसीटीसी खकनार केंद्र द्वारा जांच शिविर लगाकर लोगों को इन बीमारियों के प्रमुख लक्षण और कारणों के बारे में जानकारी दी जा रही है। परामर्शदाता हरलाल सिसोदिया ने शिविर में उपस्थित लोगों को एचआईवी के प्रमुख लक्षणों की जानकारी दी। इनमें बार-बार टीबी होना, गले में सूजन आना, बार-बार दस्त की शिकायत, रात में पसीना आना, बुखार और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता का कमजोर होना शामिल हैं। हीमोग्लोबिन, बीपी, शुगर और अन्य रूटीन जांच
शिविर में जामुनिया के सीएचओ मुस्कान पांडे ने हीमोग्लोबिन, बीपी, शुगर और अन्य रूटीन जांच की। एएनएम कविता पटेल ने गर्भवती महिलाओं को जांच करवाने की सलाह दी। इस शिविर में जामुनिया सरपंच नूरीबाई बनसिंग रावत, आशा सहयोगिनी ज्योति निकम, आशा कार्यकर्ता संगीता राठौड़ और मंडल अध्यक्ष दिनेश निकम का सहयोग रहा।
