अशोकनगर की एक 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची बहन से नाराज होकर घर से बिना बताए निकल गई थी। गुरुवार शाम वह गुना जिले के महुगढ़ा रेलवे स्टेशन पर लावारिस हालत में मिली। सूचना मिलने पर गुना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने बच्ची को बरामद कर बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। गुरुवार शाम करीब 5 बजे RPF गुना को सूचना मिली कि एक नाबालिग बच्ची महुगढ़ा स्टेशन पर अकेली मिली है। इसके बाद RPF ने विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) के अनिल सिंह तोमर को जानकारी दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्ची से पूछताछ की। उसने बताया कि वह अशोकनगर की रहने वाली है और अपनी बड़ी बहन से नाराज होकर बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। गुना पार कर महुगढ़ा स्टेशन पर उतरी
बच्ची ने बताया कि नाराज होकर वह अशोकनगर से ट्रेन में सवार हुई और गुना से आगे महुगढ़ा स्टेशन पर उतर गई थी। वहां उसे रेलवे सुरक्षा बल ने संदिग्ध हालत में पाया और तत्काल SJPU को सूचित किया। समझाइश के बाद परिजनों को सौंपी गई बच्ची बच्ची से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके पिता से संपर्क किया और गुना बुलाया। परिजन गुना पहुंचे तो टीम ने बालिका को CWC के समक्ष प्रस्तुत किया। कानूनी प्रक्रिया और समझाइश के बाद बच्ची को सकुशल परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस, RPF और CWC की संयुक्त कार्रवाई इस कार्रवाई में विशेष किशोर पुलिस इकाई से अनिल सिंह तोमर, RPF से उपनिरीक्षक जोगिंदर सिंह, आरक्षक पूजा लोधी, संदीप सैनी, और बाल कल्याण समिति से नीरू शर्मा, अनसुइया रघुवंशी, सुधाकर शर्मा, रेणु मिश्रा व रविंद्र रघुवंशी की भूमिका रही। SP अंकित सोनी ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार सजग और सक्रिय है।
