लखीसराय में कुएं में डूबकर युवक की मौत हो गई। घटना सूर्यगढा थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव की है। मृतक की पहचान दिवंगत मुसहरी पासवान के बेटे जगन्नाथ पासवान(32) के रूप में हुई है। शुक्रवार की दोपहर की जगन्नाथ के घर उसकी मां शांति देवी का श्राद्ध कर्म का कार्यक्रम चल रहा था। मृतक के भाई ने बताया कि जगन्नाथ घर के एक लड़के के साथ पानी भरने कुएं पर गया था। पानी भरते समय उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गया। साथ गए लड़के ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन और ग्रामीण कुएं पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद जगन्नाथ को कुएं से बाहर निकाला। उसे आसपास के अस्पतालों में दिखाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजन उसे सदर अस्पताल मुंगेर ले गए, जहां भी चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि की। 10 दिन में मां-बेटे की मौत मृतक मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके दो छोटे बच्चे और पत्नी हैं। परिवार के लिए यह दोहरा दुख है क्योंकि 10 दिनों के अंदर ही मां और बेटे दोनों की मौत हो गई है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
