लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच रविवार देर रात मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस ने बदमाश का हाफ एनकाउंटर कर दिया। बदमाश पुलिस को देखते ही तमंचे से गोली चलाते हुए भागने लगा था। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि घायल बदमाश के खिलाफ कई थानों में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी पहचान सीतापुर के सूरज सोनी के रूप में हुई है। 2017 में उस पर गैंगस्टर भी लगाया गया था। मुठभेड़ के बाद की 3 तस्वीरें देखिए… बंद मकान में रेकी करके चोरी का आरोपी है पुलिस ने बताया कि बदमाश नए मामले में बंद मकान की रेकी करके चोरी करने का आरोपी है। इसके 3 साथियों को रविवार को दिन में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लखनऊ में किराए का मकान में रहकर घूम-घूमकर रेकी करते थे। इसके बाद बंद मकान के चिह्नित करके चोरी की घटना को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली अपाचे बाइक और ताला तोड़ने वाला औजार बरामद किया था। चोरी का सामान आपस में बांट लेते थे दिन में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया था कि सीतापुर, रायबरेली और लखनऊ के रहने वाले हैं, जो लखनऊ में किराए का मकान लेकर रहते हैं। घूम-घूम कर बंद मकान की रेकी करते हैं। चिह्नित मकान का देर रात ताला तोड़कर घर से नगदी/ज्वैलरी चोरी कर आपस में बराबर बराबर बांट लेते हैं। पूछताछ में बताया कि 8-10 दिन पहले हम तीनों और सुजीत के भाई सूरज के साथ मिलकर विष्णुलोक कॉलोनी में रेकी कर एक बंद घर का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया था लेकिन दरवाजा न टूटने और स्थानीय लोगों के जाग जाने के कारण हम लोग वहां से भाग गए थे। उसी रात फिर चारों ने प्रतापनगर कॉलोनी में एक बंद मकान में चोरी की थी। 2017 से लखनऊ में एक्टिव है बदमाश डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया- रविवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली अनौरा मोड़ के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने चेकिंग शुरू की तो एक बाइक सवार आता दिखा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा के लिए उस पर फायर किया तो उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसकी पहचान की गई तो उसने अपना नाम सूरज सोनी बताया। आरोपी सूरज 2017 से लखनऊ में एक्टिव है।
