मानेसर में मारुति सुजुकी कंपनी के बाहर एक 20 वर्षीय युवक की पिटाई कर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान फरीदा गोकुल निवासी राजपाल के रूप में हुई थी। वह जितेन्द्रा ट्रैवल्स कंपनी में हेल्पर के रूप में काम करता था। घटना मंगलवार सुबह आईएमटी मानेसर थाना क्षेत्र में हुई। राजपाल मारुति कंपनी के कर्मचारियों को लाने-ले जाने का काम करता था। उसके साथी अजब सिंह के अनुसार, वह बांसगांव सेक्टर 7 में तीन अन्य लोगों के साथ एक कमरे में रहता था। सोमवार को राजपाल का द्वारकापुर फर्रुखाबाद के रहने वाले रजत कुमार और अमित कुमार से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसका बदला लेने के लिए दोनों ने मंगलवार सुबह कंपनी के गेट पर राजपाल की पिटाई कर दी। पुलिस ने रजत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ड्राइवर अमित कुमार फरार है। राजपाल के भाई शिव शंकर ने बताया कि वह महज 15 दिन पहले ही नौकरी पर गया था। छह भाइयों में वह सबसे छोटा था। उसके तीन भाई चंद्रसेन, रवि और विशाल भी मानेसर में अलग-अलग कंपनियों में काम करते हैं। उसके पिता ग्यान्ती स्वरूप किसान हैं। मां कुसमा देवी की हालत बेहद खराब है। बुधवार को शव के गांव पहुंचने पर परिजनों और रिश्तेदारों ने अंतिम संस्कार किया।
