सुपौल में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में नवविवाहित दंपति की मौत हो गई। मृतकों की पहचान भरगामा थाना क्षेत्र के महथावा गांव निवासी मो. आसिफ(22) और उनकी पत्नी आबिदा खातून(20) के रूप में हुई है। हादसा त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मिनिया टोल प्लाजा के पास हुआ। घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार दोनों मेला देखकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मो. आसिफ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आबिदा को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सुपौल सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। हादसे की दर्दनाक बात यह रही कि आबिदा तीन महीने की गर्भवती थी, जिससे अजन्मे शिशु की भी मौत हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और अस्पताल ले गए, लेकिन दंपति को नहीं बचाया जा सका। मृतक मो. आसिफ की शादी चार महीने पहले ही पास के गांव की रहने वाली आबिदा खातून से हुई थी। यह दंपति पहली बार मेला देखने गया था। मो. आसिफ अपने पिता मो. हसामुल का इकलौता पुत्र था। चार महीने में ही उजड़ा परिवार वहीं आबिदा के पिता मो. अकबर और मां भी बेसुध हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी धूमधाम से बेटी की शादी की थी, पर चार महीने में ही सब उजड़ गया। दोनों का एक साथ निकल रहे जनाजे में भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जांच में जुटी पुलिस त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। जांच जारी है।
