खरगोन जिले के बलकवाड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 9 गोवंश मुक्त कराए हैं। इन मामलों में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा फरार है। पुलिस ने लगभग 7 लाख रुपए मूल्य के दो पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं। मुक्त कराए गए गोवंश का मूल्य 1.40 लाख रुपए बताया गया है। पुलिस को रामपुरा से पीपलझोपा के कच्चे रास्ते से गोवंश से भरे वाहन के निकलने की सूचना मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। हालांकि, आरोपी बिना नंबर के टेम्पो को छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस वाहन से 7 गोवंश बरामद किए गए। दूसरी कार्रवाई खलटांका पुलिस चौकी के सामने की गई। नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक वाहन (एमपी 46 झेडडी-2136) को रोका, जिससे 2 गोवंश बरामद हुए। इस मामले में चालक अंगलेश पिता सीताराम सैनानी, निवासी मोहलिया, थाना निवाली, जिला बड़वानी को गिरफ्तार कर लिया गया। बलकवाड़ा थाना प्रभारी रितेश यादव ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश गोवंश प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्त किए गए वाहनों में पिकअप शामिल हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
