बदायूं में बरेली-फर्रुखाबाद रोड पर बनने वाले बाइपास का काम कैसे होगा, इसकी रूपरेखा दिवाली के बाद तैयार हो जाएगी। एनएचएआई की टीम दिवाली के बाद यहां पहुंचेगी और स्थलीय निरीक्षण करेगी। इसकी डीपीआर भी तैयार हो जाएगी और शासन स्तर पर भेज दी जाएगी। बरेली रोड से शुरू होकर दातागंज रोड होते हुए उसावां को जोड़ने वाला रिंग बाइपास राजकीय मेडिकल कालेज के पास निकलेगा। तकरीबन 18.5 किलोमीटर लंबे इस रिंगरोड के निर्माण की जिम्मेदारी एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) को दी गई है। डीएम अवनीश राय ने बताया कि दिवाली के ठीक बाद एनएचएआई की टीम यहां सर्वे के लिए पहुंचेगी। शासनस्तर से एनएचएआई के अधिकारियों को बाईपास के लिए सर्वे कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में बरेली से फर्रुखाबाद या बदायूं के उसावां, दातागंज जैसे क्षेत्रों में जाने वाले वाहन शहर के भीतर से गुजरते हैं। दिन भर भारी और हल्के वाहनों के आवागमन से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे यात्रियों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद होते हैं। एनएचएआई अधिकारियों को डीपीआर जल्द से जल्द तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा है, ताकि आगे की कार्रवाई शुरू की जा सके। बाईपास बनने से बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश रुक जाएगा, जिससे शहर के भीतर यातायात सुगम होगा। डीएम ने बताया कि फिलहाल दिवाली का पांच दिवसीय पर्व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाया जा रहा है। जबकि इसके ठीक बाद एनएचएआई की टीम यहां पहुंचकर डीपीआर तैयार करने में जुट जाएगी।
