जौनपुर के खेतासराय क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन हड़पने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर आठ माह की मृत बच्ची से फर्जी निकाहनामा तैयार कर करोड़ों की संपत्ति हड़पने का आरोप है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी गयासुद्दीन ने वर्ष 2016 में मृत बालिका नफीसा का फर्जी निकाहनामा बनवाया। जन्मतिथि और मृत्यु प्रमाणपत्र से यह स्पष्ट था कि नफीसा की मौत जन्म के कुछ महीनों बाद ही हो गई थी। इसके बावजूद आरोपी ने कूटरचित विवाह प्रमाणपत्र, निगरानी आदेश और अन्य दस्तावेज तैयार कर संपत्ति अपने नाम करा ली। राजस्व अभिलेखों में भी कराई हेराफेरी आरोपियों ने इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर राजस्व अभिलेखों में अपने नाम दर्ज करा लिए। जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2016 की निगरानी संख्या 4936/2016 की पत्रावली पूरी तरह कूटरचित थी। बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, जौनपुर की रिपोर्ट में यह तथ्य उजागर हुआ, जिसके बाद न्यायालय ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। विरोध करने पर दी धमकी सुम्बुलपुर निवासी मोहम्मद आलकमा खान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने कहा कि “पुलिस और अदालत हमारे काबू में हैं।” सात लोगों पर गंभीर धाराओं में केस पुलिस ने इस मामले में गयासुद्दीन, सदरुद्दीन, मोहम्मद सलमान, मोहम्मद फतेह आलम, तौहीद खान, मोहम्मद आशिक अंसारी और आयूब अंसारी के खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468, 471, 386, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शुरू की विवेचना थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला भूमि विवाद, फर्जी दस्तावेज निर्माण और धोखाधड़ी से जुड़ा पाया गया है। पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। वहीं, शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि आरोपी किसी सक्रिय भूमाफिया गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।
