उमरिया बाघों के लिए विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की मादा हाथी बांधवीय ने एक नर शावक को जन्म दिया है। बच्चों का जन्म ताला परिक्षेत्र के बठान कैंप में गुरुवार रात को हुआ है। शावक के जन्म के बाद से ही डॉक्टरों और अधिकारियों की एक टीम हथिनी और शावक की लगातार निगरानी कर रही है। मादा हाथी बांधवीय को पौष्टिक आहार दिया जा रहा है, जिसमें ड्राई फ्रूट, गुड़ और दलिया शामिल हैं। हथिनी बांधवीय का जन्म 30 नवंबर 2011 को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में ही हुआ था, जिसके कारण इसका नाम ‘बांधवीय’ रखा गया था। अब बांधवीय से कोई कार्य नहीं लिया जाएगा, ताकि वह अपने शावक की देखभाल कर सके। डॉक्टरों की टीम मां और बच्चे की निगरानी के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था कर रही है। शावक पूरी तरह से स्वस्थ है। इस नन्हे मेहमान के आने से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हाथियों की कुल संख्या 16 हो गई है, जिसमें अब तीन शावक भी शामिल हैं। इस नए शावक को देखने के लिए टाइगर रिजर्व के सभी रेंज ऑफिसर एक-एक करके मौके पर पहुंच रहे हैं।
