सोनीपत में स्थित जैनसन्स ज्वैलर्स शोरूम से चोरी हुई सोने की चैन का मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया है। पीड़ित ने अपने स्तर पर तलाश करने के बाद आरोपी का कोई सुराग न मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अब थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी चेक कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
ज्वैलरी शोरूम से चोरी हुई सोने की चैन सोनीपत के कृष्णा नगर,काठ मंडी के रहने वाले बसंत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका सुभाष चौक नियर कच्चे क्वार्टर के पास “जैनसन्स ज्वैलर्स” नाम से सोने-चांदी का शोरूम है। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई 2025 को उनके शोरूम से करीब 48.690 मिलीग्राम सोने की चैन चोरी हो गई थी। इसकी कीमत करीबन 5 लाख के आसपास है। बसंत जैन ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। जिसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत थाना सिविल लाइन पुलिस को दी। थाना सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया मामला शिकायत प्राप्त होने पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने देर रात 14 अक्टूबर को, धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुकदमे के दर्ज होने के बाद सहायक उपनिरीक्षक विकास ने कंप्यूटर ऑपरेटर ईएचसी रविन्द्र की मदद से रिपोर्ट रजिस्टर में दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया और सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस जांच से खुलेंगे चोरी के राज फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज, कर्मचारियों और अन्य संभावित गवाहों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।
