भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना कंटोनमेंट पुलिस ने 100 ग्राम हेरोइन और 500 रुपए के साथ पकड़े गए 2 बाइक सवार युवकों की निशनदेही पर 2 साथियों को काबू करते हुए 2 किलो 800 ग्राम हेरोइन बरामद की है। जेल में बंद तस्कर सचिनप्रीत सिंह अपने भाई नवप्रीत सिंह के जरिए हेरोइन तस्करी का पूरा नेटवर्क चला रहा था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह (19) निवासी गांव पंडोरी तख्त, नवप्रीत सिंह (18) निवासी गांव पंडोरी रण, गुरलाल सिंह (21) निवासी गांव वांचारी, मनप्रीत सिंह उर्फ करन (21) निवासी गांव पखोके के रूप मे हुई। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना कंटोनमेंट में पर्चा दर्ज किया गया। इस केस में जेल में बंद सचिनप्रीत सिंह को भी नामजद किया गया है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 26 सितंबर को गश्त के दौरान पुलिस ने बाइक सवार लवप्रीत सिंह और नवप्रीत सिंह को काबू कर 100 ग्राम हेरोइन व 500 ड्रग मनी बरामद की। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर 2 साथी गुरलाल सिंह और मनप्रीत सिंह उर्फ करन का काबू कर 120 ग्राम हेरोइन, 500 रुपए ड्रग मनी और एक बाइक बरामद की। पुलिस ने इस मामले में पकड़े गए आरोपी नवप्रीत और मनप्रीत की निशानदेही 2.812 किलो हेरोइन की खेप बरामद की। आरोपी अमृतसर/तरनतारन के क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई कर रहे थे।
