निर्माण पर रोक, आरोप- जो निर्माण हो रहा, उसकी अनुमति दूसरे सर्वे नंबर पर ली 36 साल बाद महेशनगर कॉलोनी की ड्राइंग-डिजाइन का मुद्दा फिर सुर्खियों में आ गया। जोड़-तोड़ कर साल 2007 में बदल गया नक्शा विभाग ने ही अमान्य कर दिया। ऐसे में कॉलोनी के लिए शुरुआत में 1989 में बनाए गए नक्शे के आधार पर ही कॉलोनी वैध रहेगी। ऐसे में 90 फीट चौड़ी सड़क की जगह पर प्लाट काटने का प्लान भी अब पूरा होना संभव नहीं है।
इधर, कॉलोनी की 90 फीट चौड़ी जो सड़क अंकपात मार्ग से जोड़ी जाना थी, वहीं हो मुख्य मार्ग पर हो रहे निर्माण के मामले में भी नया खुलासा हुआ है। कॉलोनी के करीब 15-17 लोगों की टीम इसकी इसकी पूरी सच्चाई मय दस्तावेज के नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा को बताई। इस पर मिश्रा ने हो रहे निर्माण पर तत्काल रोक लगाने के लिए मौजूद इंजीनियर को निर्देश दिए। साथ ही अगले 4 दिन में अनुमति से लेकर अन्य सारे दस्तावेज मंगवाने की बात की है। कॉलोनी के रहवासियों को भी अपने पास उपलब्ध रिकार्ड पेश करने की बात कही है। ताकि उक्त निर्माण के मामले में फाईनल निर्णय लिया जा सके। यह है मामला
महेशनगर गृह निर्माण सहकारी संस्था ने 1989 में अंकपात रोड इलाके में एक कॉलोनी बसाई। 100 से ज्यादा प्लॉट बेचे। ली गई अनुमति की डिजाइन में बाद में समिति पदाधिकारियों ने बदलाव करवाते हुए अंकपात रोड से उक्त कॉलोनी के बीच से आगर रोड तक सड़क कनेक्टिविटी के लिए 90 फीट चौड़ी जो सड़क दर्शाई थी, वहां प्लॉट काटना प्रस्तावित करा लिया। 2009 में विरोध हुआ और मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। अब फिर से यहां प्लॉट काटने की बात सामने आई। सड़क किनारे एक मकान बनना शुरू हो गया। इसको लेकर रहवासी विरोध में खड़े हो गए है। इधर, साल 2007 में समिति ने दो नक्शा बदलवाया था उसके आधार पर तय समय सीमा में विकास शुल्क आदि जमा नहीं कराए। इस कारण नए नक्शे को टीएंडसीपी ने भी अमान्य कर दिया। यानी पुराने नक्शे के आधार पर ही कॉलोनी वैध है। दूसरी जगह निर्माण हो रहा
निगम आयुक्त से मुलाकात के बाद कॉलोनीवासी टीएंडसीपी कार्यालय पहुंचे। यहां प्रस्तावित सड़क पर बन रहे निर्माण की अनुमति की जानकारी दी। कार्यालय में उपलब्ध रिकाॅर्ड में यह बात सामने आई कि अंकपात रोड से लगकर जो निर्माण हो रहा हैं उसकी अनुमति पास के दूसरे सर्वे नंबर पर ली गई है, जहां पहले से ही मकान बना है। वैध कॉलोनी की ड्राइंग डिजाइन को स्वीकृति देने वाले टीएंडसीपी कार्यालय ने भी इस ननि कार्यालय को पत्र भेज दिया है। फिलहाल काम पर रोक लगाई ^रहवासियों ने नक्शा दिखाकर कॉलोनी की सड़क वाली जगह पर आवासी निमार्ण होने संबंधी शिकायत की है। उन्होंने नक्शा भी पेश किया था। हालांकि उक्त नक्शे पर एकदम से पूर्ण विश्वास नहीं किया जा सकता। मैने उन्हें सही प्रमाणित दस्तावेज लाने की बात कही है, तब तक रहवासियों की मांग पर फिलहाल वहां हो रहे निर्माण पर रोक लगवा दी है ताकि सभी की शंकाओं का समाधान हो जाए।
अभिलाष मिश्रा, आयुक्त नगर निगम
