भास्कर न्यूज | जालंधर नवदुर्गा रामलीला समिति की ओर से बेअंत सिंह पार्क में जारी श्रीरामलीला मंचन में सोमवार को लक्ष्मण जी द्वारा सूर्पनखा की नाक काटने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। मंच पर रामलीला में दिखाया गया कि श्रीराम लक्ष्मण जी और सीता समेत जंगल में बैठे हुए हैं। वनवासी जीवन बिता रहे प्रभु राम, लक्ष्मण और सीता के पास लंका की राजकुमारी सूर्पनखा पहुंची। श्रीराम के रूप-सौंदर्य पर मोहित होकर उसने सुंदर स्त्री का रूप धारण कर विवाह का प्रस्ताव रखा। श्रीराम के विवाहित होने की बात कहने पर उसने लक्ष्मण से आग्रह किया, जिन्होंने उसे हास्यपूर्ण ढंग से टाल दिया। क्रोधित होकर सूर्पनखा ने माता सीता पर झपटने का प्रयास किया, जिस पर श्रीराम के संकेत से भाई लक्ष्मण ने उसकी नाक काट दी। अपमानित सूर्पनखा ने अपने भाइयों खर और दूषण को सारा वृत्तांत सुनाया। यह सुनकर क्रोधित खर-दूषण विशाल सेना के साथ प्रभु राम और लक्ष्मण का सामना करने पहुंचे। युद्ध में श्रीराम ने अपने अद्भुत मोहिनी अस्त्र का प्रयोग किया, जिससे असुर आपस में ही लड़ने लगे। अंततः खर और दूषण भी राम के बाणों के प्रहार से मारे गए। इस मौके पर प्रधान डॉक्टर सीताराम, संरक्षक राम सिंह, महासचिव महेंद्र राय, उप प्रधान सुशील शुक्ला, शिव कुमार, रमेश मिश्रा, अशोक मिश्रा, जितेंद्र तिवारी व अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे। बेअंत सिंह पार्क में नवदुर्गा रामलीला समिति की ओर से करवाए जा रही श्रीरामलीला में मंचन करते कलाकार (दाएं) कार्यक्रम में शामिल दर्शक।
