बिहार के 13 जिलों में आज यानी शुक्रवार को बारिश का यलो अलर्ट है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। वर्तमान में लोग उमस से परेशान होंगे। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, यलो अलर्ट वाले जिलों में अगले दो दिनों तक रुक-रुककर तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान 40KM/H की रफ्तार से हवा चलेगी और बिजली भी चमकेगी। पिछले 24 घंटे में जमुई में बारिश हुई। वहीं, पटना में तेज धूप निकली थी। हालांकि दोपहर में हल्के बादल छाए थे, लेकिन बारिश नहीं हुई। सुपौल और नालंदा में भी तेज धूप, जिससे लोग गर्मी से परेशान रहे। क्यों बिगड़ रहा है मौसम मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर एरिया एक्टिव है, जिसका असर बिहार के ऊपर पड़ रहा है। यही कारण है कि राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। अगले 24 से 48 घंटे तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। नवरात्रि के दौरान भी रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मानसून आने वाले दिनों में बिहार में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण और मध्य बिहार के जिलों में रुक-रुककर बारिश होगी, जबकि उत्तर बिहार के अधिकतर हिस्सों में हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। वहीं, तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की जाएगी। अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे उमस और भी अधिक परेशान करेगी। पटना में आज बारिश के आसार राजधानी में शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। हवा की रफ्तार भी तेज रहेगी। अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है।
