भास्कर न्यूज | अमृतसर भारतीय व्यापार मंडल की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा जीएसटी की दरों में की गई कटौती से देशवासियों को होने वाले फायदे को लेकर जीएसटी 2.0 विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कहा कि विपक्षी नेता राहुल गांधी तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को मातम की धुन पर नागिन डांस करना बंद करके देश की तरक्की में अपना भी योगदान डालना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल तथा सीएम मान को जीएसटी दरों में कटौती का स्वागत करना चाहिए न कि आलोचना के नाम पर मातम मनाना चाहिए। इस मौके पर व्यापार मंडल के प्रदेश प्रधान राजीव अनेजा ने कहा कि इससे ग्राहकों को ढाई लाख करोड़ का फायदा होगा। जीएसटी दरों में कटौती लागू होते ही ऑटोमोबाइल कंपनियां, इलेक्ट्रॉनिक कंपनियां, यहां तक कि दूध निर्माता कंपनियों ने अभी से ही वस्तुओं की कीमतों में कटौती कर दी है जिसका सीधा लाभ ग्राहकों को हुआ है। तरुण चुग ने पंजाब में आई बाढ़ के लिए सीधे तौर से सीएम मान के नेतृत्व वाली आप सरकार को जिम्मेदार ठहराया। चुग ने कहा कि यह कुदरती आपदा नहीं बल्कि सीएम मान की नाकामी के कारण आया भगवंत मान एंड डिजास्टर है। इस प्रकरण का खुद ही नोटिस लेते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को जांच के आदेश देने चाहिए। असल में पंजाब सरकार ने समय पर डैम की रिपेयर की ओर ध्यान नहीं दिया और लोगों को बाढ़ झेलनी पड़ी।
