आज से शुरू होने जा रहे नवरात्रि उत्सव के लिए शहर तैयार हो गया है। वैसे तो पूरे शहर में करीब 2500 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं विराजेंगी, इनमें 50 स्थान ऐसे हैं, जहां झांकियों का आकार बेहद बड़ा है। इसलिए इन स्थानों पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम शुरू कर दिए हैं। पुराने शहर में माता के दो मंदिरों के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव की जरूरत पड़ेगी। इसलिए खासतौर पर भवानी चौक (कर्फ्यू वाली माता मंदिर) और तलैया स्थित काली माता मंदिर पर जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्सन भी किए जा सकते हैं। इसके अलावा झांकियां देखने जाने वाले दर्शनार्थियों को कोई असुविधा या अनहोनी का सामना न करना पड़े, इसलिए पुलिस ने शहर में नो एंट्री के समय में भी बदलाव कर दिए हैं। क्योंकि इन स्थानों पर भीड़ होने के कारण ट्रैफिक का दबाव भी ज्यादा रहेगा। रात 12 बजे के बाद एंट्री
एडिशनल डीसीपी बसंत कौल ने बताया कि शहर में आगामी दस दिनों तक नो एंट्री का समय बदला गया है। आम दिनों में नो एंट्री रात सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक रहती है। अब रात 12 बजे तक नो एंट्री रहेगी। रात 12 से सुबह 6 बजे के बीच भारी वाहन भारी वाहन शहर में आ सकेंगे। बाकी पूरे समय भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन इलाकों में ऐसी होगी ट्रैफिक व्यवस्था भवानी चौक माता मंदिर पर आरती के समय भीड़ होने पर भारी और कमर्शियल वाहनों को चौक की ओर नहीं आने दिया जाएगा। चार पहिया वाहनों को जरूरत पड़ने पर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन रॉयल मॉकेट, एलबीएस अस्पताल, तीन मोहरा, शाहजहांनाबाद थाने के सामने से होते हुए नादरा बस स्ट्रैंड, अल्पना तिराहा, भारत टॉकीज, तलैया काली मंदिर, लिली टॉकीज होकर आवागमन कर सकेंगे। काली माता मंदिर के पास बनेगी पार्किंग
शाम के वक्त तलैया काली मंदिर पर भी भक्तों के आने का सिलसिला बना रहेगा। इसलिए वाहनों का आवागमन भी ज्यादा होगा। इन वाहनों के लिए वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था पुल पुख्ता पर दोनों ओर की गई है। ये वाहन सिंगल लेन में यहां कुछ समय के लिए पार्क किए जा सकते हैं। पुल पर दोनों ओर करीब 60-60 चार पहिया और दो पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। ट्रैफिक बिगड़े तो यहां करें कॉल… पुलिस की अपील है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें। किसी प्रकार की असुविधा होने पर ट्रैफिक दूरभाष नं. 0755-2677340, 2443850 पर संपर्क करें। इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर -7587602055 पर भी मैसेज कर सकते हैं। बिजली कंपनी की एडवायजरी आयोजकों को अस्थाई कनेक्शन, सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य
शहर में इस बार करीब 2500 दुर्गा पंडाल सजाए जा रहे हैं। इनमें से 50 से ज्यादा बड़े पंडाल होंगे, जहां सबसे अधिक भीड़ जुटने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए बिजली कंपनी ने आयोजकों के लिए एडवायजरी जारी की है। कंपनी ने साफ कहा है कि सभी पंडाल आयोजक अस्थाई बिजली कनेक्शन लेकर ही विद्युत साज-सज्जा करें। बिना अनुमति या अवैध कनेक्शन से हादसे का खतरा बढ़ सकता है। खासकर बड़े पंडालों में शॉर्ट सर्किट या करंट से दुर्घटना की आशंका रहती है। झांकियों के लिए कनेक्शन नहीं लेने के बाद कोई गड़बड़ी होती है तो बिजली कंपनी इसकी जिम्मेदारी भी नहीं लेती है। पिछले साल गणेशोत्सव में एक झांकी में करंट उतरने से बच्चे की मौत हो गई थी। इसके बाद से ज्यादा सावधानी बरती जा रही है।
