हेल्थ रिपोर्टर|मधुबनी जिले में मंगलवार से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरूआत की जाएगी। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग व अन्य संबंधित विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित की जाएगी जहां महिलाओं को विशेषज्ञ सेवाओं सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएगी। यह स्वास्थ्य शिविर आयुष्मान आरोग्य मंदिर, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित सीएचसी एवं जिला अस्पताल में आयोजित की जाएगी। जहां बीपी, कैंसर, अनिमीया , यक्ष्मा जांच, महिलाओं से संबंधित समस्याओं का जांच व सलाहर, नेत्र जांच, मनोरोग, हृदय रोग आदि से संबंधित जांच व चिकित्सीय सलाह आदि जांच की जाएगी। किशोरियों एवं महिलाओं के लिए मासिक धर्म एवं पोषण पर सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही इस अभियान के दौरान स्वंय सहायता समूहों, पंचायती राज संस्थाओं आदि के माध्यम से खाना पकाने के तेल की खपत को 10 प्रतिशत तक कम करने का भी अभियान चलाया जाएगा। साथ ही 01 अक्टूबर को रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। साथ ही निजी अस्पताल खासकर आयुष्मान से संबद्ध अस्पताल को भी अपने अपने स्वास्थ्य संस्थान में शिविर आयोजित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इससे ज्यादा से ज्यादा कार्यक्रम को सफल बनाया जा सकेगा। इस इस अभियान को लेकर मंगलवार को प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. एसएन झा की अध्यक्षता में आईएमए के अधिकारियों के साथ बैठक की। डॉ एसएन झा ने कहा कि यह काफ़ी महत्वपूर्ण अभियान है, हम सभी को मिलकर इसे सफल बनाना है। डीपीएम पंकज कुमार मिश्रा ने कहा कि इस अभियान से किशोरियों व महिलाओं को काफ़ी लाभ मिलेगा। इस मौके पर डॉ जीएम ठाकुर, डॉ डीएस सिंह, डॉ आलोक नंद झा, डॉ कौशल कुमार झा, डॉ चंदन आदि मौजूद थे। शिविरों में मासिक धर्म स्वच्छता को बढ़ावा दिया जाएगा, सेनिटरी पैड वितरित किए जाएंगे और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे। लाभार्थियों को पीएम-जेएवाई, आयुष्मान वय वंदना और आभा योजना के अंतर्गत नामांकित किया जाएगा। कार्ड सत्यापन और शिकायत निवारण के लिए स्वास्थ्य शिविरों में हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएँगे। महिलाओं और परिवारों के लिए समग्र स्वास्थ्य और कल्याण प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए योग सत्र, आयुर्वेद परामर्श और अन्य आयुष सेवाएं आयोजित की जाएंगी। केजीवीबी व स्कूलों में भी टीम स्वास्थ्य जांच करेगी।
