खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए एथलेटिक्स का कॉम्पीटिशन मैनेजर महाराष्ट्र के राकेश सावे को बनाया गया है। मंगलवार को वे सवाई मानसिंह स्टेडियम के एथलेटिक ट्रैक का मुआयना करने आए। सावे ने ट्रैक का अच्छे से मुआयना किया। उन्होंने एथलेटिक्स स्पर्धाएं सुचारू रूप से कराए जाने के लिए कई सुझाव भी दिए। सावे के साथ स्पोर्ट्स काउंसिल के एथलेटिक कोच शंकरलाल बुनकर (अजमेर) और सुरेन्द्र सिंह (जयपुर) भी थे। सावे ने कहा कि एथलेटिक ट्रैक पर ज्यादा काम करने की जरूरत नहीं है लेकिन ट्रैक के चारों ओर बैरिकेटिंग कराना बहुत जरूरी है। थ्रो और जम्प इवेंट के लिए कई काम करने की जरूरत पर उन्होंने जोर दिया। उन्होंने कहा, थ्रो इवेंट के लिए सबसे पहले तो घास कटिंग और लेवलिंग की जरूरत है। ग्राउंड को लेवल करके नई घास लगानी होगी। जम्प इवेंट के लिए भी कई टेक्नीकल खामियां उन्होंने गिनाईं। जम्प इवेंट का ट्रैक भी पूरी तरह से नया लगाना होगा। जैवेलिन थ्रो इवेंट की जगह पर भी ट्रैक को रिपेयर कराने की जरूरत है। इसके अलावा वीआईपी लॉन्ज तैयार करना होगा। थ्रो इवेंट की प्रैक्टिस के लिए फुटबॉल ग्राउंड को तैयार करने का भी सुझाव दिया। इस अवसर पर कॉम्पीटिशन मैनेजर के साथ राजस्थान ओलिंपिक संघ के सचिव सुरेन्द्र गुर्जर और राजस्थान एथलेटिक संघ के सचिव देवनारायण गुर्जर पर भी उपस्थित थे। एथलेटिक्स ट्रैक का मुआयना करते सावे व अन्य। 15 दिन बाद ट्रैक का फिर करेंगे मुआयना सावे ने जो सुझाव दिए उन पर कितना अमल होता है उसका 15 दिन बाद फिर से मुआयना करेंगे। उन्होंने कहा अभी से काम शुरू हो तो ट्रैक समय पर तैयार हो सकता है। देवनारायण गुर्जर ने कहा, ‘राजस्थान एथलेटिक्स संघ भी खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की स्पर्धाओं के लिए तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने को तैयार है।’
