झांसी में चोरी करने वाले बदमाश का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। उसके पैर में गोली लगी है, जबकि उसके साथी ने सरेंडर कर दिया। 6 दिन पहले दोनों ने स्क्रैब की दुकान से लाखों रुपए का माल चुराया था। बुधवार देर रात को दोनों चोरी का माल बेचने की फिराक में थे। मुखबिरी मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। मुठभेड़ में दोनों पकड़े गए। गोली लगने से घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने दोनों से चोरी का 5 लाख रुपए का माल बरामद हुआ है। मुठभेड़ कोतवाली थाना क्षेत्र के मुस्तरा रोड पर पुलिया के पास हुई है। पुलिस टीम पर दो फायर दागे एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्क्रैब कारोबारी प्रकाश चंद्र जायसवाल की नारायण बाग स्थत सपना गार्डन के पास स्क्रैब की दुकान है। 5 सितंबर को उनकी दुकान से लाखों रुपए का एलुमिनियम चोरी हो गया था। पीड़ित ने कोतवाली थाने में केस दर्ज कराया था। सीसीटीवी कैमरे और सर्विलांस टीम की मदद से चोरों की पहचान कर ली थी। पुलिस टीम उनकी तलाश कर रही थी। बुधवार देर रात कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि चोर मुस्तरा रोड पर पुलिया के नीचे चोरी का माल लिए हैं और बेचने के लिए शहर की तरफ आ रहे हैं। इस सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम ने घेराबंदी की। तब बदमाशों ने पुलिस टीम पर दो फायर दाग दिए। काउंटर अटैक में ओरछा गेट बाहर कपूर टेकरी निवासी शहंशाह पुत्र गफूर शाह के पैर में गोली गली है, जबकि उसके साथी भट्टागांव निवासी जावेद कुरैशी पुत्र मोहम्मद सलीम ने सरेंडर कर दिया। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। दोनों पर कई केस दर्ज एसपी सिटी ने बताया- दोनों आरोपियों पर 12 केस दर्ज हैं। शहंशाह पर चोरी, नशीला पदार्थ तस्करी समेत अन्य धाराओं में 8 केस दर्ज हैं। जबकि जावेद पर आर्म्स एक्ट, लूट, जुआ एक्ट समेत 4 केस दर्ज हैं। दोनों से दो तमंचे, कारतूस और चोरी का 5 लाख रुपए का स्कैब बरामद हुआ है। उनका 4 बदमाशों का गैंग है। बाकी दो बदमाशों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
