प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 11 सितंबर को 52वां काशी दौरा स्पेशल होगा। पीएम कई विदेश यात्राओं के बाद पीएम का 40 दिनों में दूसरी बार आएंगे। हेलीपैड से लेकर ताज होटल तक जगह-जगह उनका स्वागत होगा। पीएम के स्वागत के लिए मंत्रियों, विधायकों और पार्षदों को जिम्मा दिया गया है। भाजपा नेताओं के साथ स्वागत की जिम्मेदारी मंडलों को सौंपी गई। गुलाब की पंखुड़ियों से अभिनंदन के लिए महिला कार्यकर्ता भी पुलिस लाइन गेट पर मौजूद रहेंगी। पुष्पवर्षा के बीच भाजपा कार्यकर्त्ता एवं काशी की जनता हर हर महादेव के उद्घोष के साथ पीएम का वेलकम करेंगे। पीएम कार से ही कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करेंगे। वाराणसी के भाजपा कार्यकर्ता गुरूवार को अपने सांसद नरेन्द्र मोदी का भव्य स्वागत करेंगे। महानगर के साथ ही मंडल स्तर पर बैठकों में जिम्मेदारी तय की जा रही है। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि पुलिस लाइन हेलीपैड से ताज होटल तक के यात्रा मार्ग पर कुल 6 स्वागत प्वाइंट बनाए गए हैं। प्वाइंटों पर जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ भाजपा नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ काशी की जनता अपने लोकप्रिय सांसद एवं प्रधानमंत्री का पारंपरिक शैली में गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर स्वागत करेगी। प्रदेश एवं क्षेत्र के पदाधिकारी समेतदो-दो मंडलों के कार्यकर्ताओं को एक-एक स्वागत प्वाइंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पीएम मोदी का ये रहेगा रूट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 सितंबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में दोपहर लगभग 11 बजे आएंगे। इसके बाद पीएम काशी में डेढ़ घंटे तक रहेंगे। प्रधानमंत्री का विमान लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर पर उतरेगा, फिर प्रधानमंत्री हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। पुलिस लाइन से सड़क मार्ग से होटल ताज जाएंगे। पुलिस लाइन से होटल ताज के बीच भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होटल में ही मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। साथ में लंच करेंगे, फिर रवाना हो जाएंगे। मॉरीशस के प्रधानमंत्री का दौरा 10 से 12 सितंबर का है, वे 10 की शाम बनारस पहुंचेंगे। मॉरीशस के पीएम की अगवानी यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल करेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मॉरीशस के पीएम क्रूज से गंगा आरती देखेंगे। इसके बाद श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन करेंगे। स्वागत प्वाइंटों पर इन लोगों को जिम्मेदारी पुलिस लाइन गेट पर: राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल एवं पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले की अगुवाई में सारनाथ एवं राजश्री मंडल के कार्यकर्ता तथा महानगर,महिला मोर्चा स्वागत करेंगे।
पुलिस लाइन चौराहा: प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ की अगुवाई में बागेश्वरी एवं धुपचंडी मंडल के कार्यकर्ता रहेंगे।
कचहरी चौराहा: पूर्व मंत्री एवं दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी की अगुवाई में मध्यमेश्वर एवं काशी विश्वनाथ मंडल के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।
डॉ. भीमराव अम्बेडकर चौराहा (कचहरी): महापौर अशोक तिवारी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. राजेश मिश्रा की अगुवाई में कैंट व रविदास मंडल के कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
यूपी मोटर तिराहा: कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव एवं डॉ. वीणा पांडेय की अगुवाई में महामना एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।
विवेकानंद तिराहा: एमएलसी धर्मेन्द्र राय एवं पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह की अगुवाई में छावनी मंडल, पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल एवं रामनगर मंडल के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत करेंगे। महिला मोर्चा में इनको जिम्मेदारी भाजपा महिला मोर्चा महानगर की बैठक में अध्यक्ष कुसुम पटेल ने सभी को संगठन के तय कार्यक्रम के अनुसार जिम्मेदार दी। बताया कि महिला मोर्चा को 11 सितम्बर को पूर्वाह्न पुलिस लाइन गेट पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करेगा। इसके लिए महिलाओं की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की गई है। बैठक में प्रमुख रूप से प्रज्ञा पांडेय, उषा सिंह, प्रीती पुरोहित, ऋचा सिंह, नेहा कक्कड़, उषा अग्रहरी, सारिका गुप्ता, अंजली गुप्ता, सुषमा सिंह, रीना सिंह, अमृता सिंह, बबिता चौरसिया, अनिशा शाही आदि उपस्थित रहीं।
