लखनऊ के गुडंबा थानाक्षेत्र के बेहटा गांव में 31 अगस्त को अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जेल भेजे गए आरोपी नदीम से पूछताछ में सामने आया कि हादसे के दो दिन पहले शेरू ने आलम के घर पर एक टन बारूद पहुंचाया था। आलम और उसके बेटे को दशहरे से पहले भारी मात्रा में सुतली बम और दयमार तैयार करने का ऑर्डर मिला था। नदीम ने बताया कि हादसे के समय आलम के घर पर करीब एक टन बारूद रखा था। तैयार सुतली बम और पटाखे कई बोरियों में भरे पड़े थे। इसी वजह से धमाका इतना भीषण हुआ कि आलम और पड़ोसी महबूब का मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया। पास ही इंजीनियर जैद समेत पांच मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा। विस्फोट की ताकत इतनी थी कि 50 मीटर दूर बने एक मकान की छत की बाउंड्रीवाल तक गिर गई। पहले पूरे मामले को समझें… 2 किलाेमीटर तक सुनाई दिया था धमाका लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र के बेहटा गांव में आलम पत्नी मुन्नी और बेटे इरशाद के साथ रहता था। रविवार को उसके घर में ब्लास्ट हुआ था। पूरी बिल्डिंग जमींदोज हो गई थी। आसपास के 4 अन्य घरों की दीवारें और छतें उड़ गईं थीं। जलने और मलबे में दबने से आलम और उसकी पत्नी मुन्नी की मौत हो गई थी। बेटे इरशाद की भी गुरुवार को मौत हो गई, वहीं गंभीर घायल नदीम ने भी शुक्रवार को दम तोड़ दिया। 3 अन्य घायल प्राइवेट अस्पताल में इलाज के बाद डिस्चार्ज हो गए हैं। वहीं उसी इलाके में एक किलोमीटर दूर करीब 6 घंटे बाद दूसरा धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज 2 किलोमीटर तक सुनाई दी थी। उसमें एक महिला को चोट आई थी। 300 मीटर के दायरे के मकानों में दरार आ गई थी। 4 टन बारूद और 30 कुंतल बम अब तक बरामद हुआ गांव में लगातार हो रही छापेमारी में अब तक पुलिस करीब चार टन बारूद और 30 कुंतल तैयार बम बरामद कर चुकी है। शुक्रवार रात की कार्रवाई में शेरू के अधनिर्मित मकान से डेढ़ टन बारूद और बड़ी मात्रा में पटाखे मिले। सभी सामान को कब्जे में लेकर गांव के बाहर 20 से 30 फीट गहरे गड्ढे में दबा दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी नदीम की पूछताछ से फरार आरोपियों और बारूद सप्लाई करने वालों के बारे में अहम सुराग मिले हैं। पुलिस की टीमें बाराबंकी, सीतापुर और उन्नाव में दबिश दे रही हैं। फरार आरोपियों में शेरू, शोएब, अली अकबर, बशीर, नसीम, शानू, अफजल और घपलू शामिल हैं। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। अभी नहीं जारी करेंगे नया लाइसेंस ACP अनिंद्य विक्रम सिंह ने बताया- जिन दो कारोबारियों के पास लाइसेंस मिले हैं। उनके लाइसेंस भी निरस्त किए जाएंगे। इसके अलावा अब किसी के नए लाइसेंस नहीं बनेंगे। अभी सर्चिंग अभियान जारी रहेगा। जो अवैध पटाखा कारोबारी फरार हैं, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। इसके अलावा रोजाना इलाके में घूमकर लोगों को गैर कानूनी काम न करने की हिदायत दी जा रही है।
