बिहार सरकार की ओर से शुरू की गई 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का असर अब गांव-गांव तक दिखने लगा है। जिले के उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन 23 से 24 घंटे तक निर्बाध बिजली मिल रही है। शुक्रवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने विभिन्न प्रखंडों के लाभुकों से फोन पर सीधे संवाद कर फीडबैक लिया। डीएम ने जाना उपभोक्ताओं का हाल डीएम ने मरौना प्रखंड की चमेली देवी, छातापुर प्रखंड के प्रमोद मेहता और सुपौल प्रखंड के लालो मंडल से बातचीत की। सभी उपभोक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा घोषित योजना से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिली है। लाभुकों की राय उपभोक्ताओं ने बताया कि अब घरेलू खपत की सामान्य बिजली का बिल उन्हें नहीं देना पड़ रहा। बच्चों की पढ़ाई, छोटे कारोबार और घरेलू कामकाज लगातार बिजली रहने से आसान हो गया है। गरीब तबके के लोग बोले कि मुफ्त बिजली से उनकी बड़ी चिंता दूर हुई है। सरकार की प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण बिजली डीएम सावन कुमार ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि हर उपभोक्ता तक गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचे। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए और योजना का लाभ पारदर्शी ढंग से सभी तक पहुंचे। उपभोक्ताओं ने जताया आभार लोगों ने कहा कि नीतीश सरकार की इस पहल से गांव में रहने वाले साधारण परिवारों को सबसे ज्यादा लाभ हुआ है। वे अब निश्चिंत होकर बच्चों की पढ़ाई और छोटे-छोटे काम कर पा रहे हैं।
