सिरोही में देवझूलनी ग्यारस के अवसर पर राजमहल से ठाकुरजी की पालकी यात्रा निकाली गई। सिरोही पूर्व राज्य परिवार के देवत सिंह देवड़ा और इंद्रेश्वर सिंह देवड़ा ने शाम 6:15 बजे अपने कंधों पर पालकी उठाई। पालकी यात्रा राजमहल से शुरू होकर पैलेस रोड, मोचीवाड़ा और सदर बाजार होते हुए नीलवणी चौक पहुंची। फिर छीपा ओली, मोदी लाइन चौराहा और आयुर्वेदिक अस्पताल से होते हुए सुभाष पार्क अखेलाव तालाब तक पहुंची। राजमहल से निकलकर पालकी सबसे पहले पदम जी मंदिर पहुंची। यहां पूर्व नरेश के भाइयों ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद मोचीवाड़ा से तीन और पालकियां निकलीं। छीपा ओली से भी कुछ पालकियां शामिल हुईं। अखेलाव तालाब पर राज परिवार ने आरती की और सभी पालकियों के दर्शन किए। सिरोही और आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने भी दर्शन कर फल और दक्षिणा चढ़ाई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पालकियों के नीचे से गुजरने और प्रसाद चढ़ाने का क्रम जारी रखा। इस दौरान राज्य मंत्री ओटाराम देवासी भी मौके पर पहुंचे। हालांकि वे गलत साइड से आए और ठाकुरजी के दर्शन किए बिना ही वापस लौट गए।
