बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को राजस्व अभिलेखागार का औचक निरीक्षण किया। कार्यालय में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिली। कंप्यूटरों पर धूल जमी थी और स्टोर में प्रकाश व्यवस्था उचित नहीं थी। जिलाधिकारी ने कार्यालय को व्यवस्थित रखने और अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव के निर्देश दिए। उन्होंने दैनिक आवेदनों और उनके निस्तारण की जानकारी नियमित रूप से मांगी। परगना खरीद स्टोर के निरीक्षण में जरूरी अभिलेखों को सुरक्षित रखने और अनुपयोगी अभिलेखों के निरस्तीकरण का आदेश दिया। अभिलेखों को नमी और सीलन से बचाने की व्यवस्था करने को कहा। कमरों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बिजली का मीटर कार्यालय के बाहर स्थानांतरित करने को कहा। आग से बचाव की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर अग्नि सुरक्षा उपकरण लगाने और नियमित जांच के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने अभिलेखागार के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें हर समय क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिलेखागार में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को सुधारात्मक कार्य तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए गए।
