बड़वानी के ग्राम तलून में जाट समाज के आराध्य देव सत्यवीर तेजाजी महाराज का दशमी मेला आयोजित किया गया। मंगलवार को सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में गुड़, घी और आटे से 50 क्विंटल से अधिक प्रसादी तैयार की गई। करीब 25 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। कई भक्तों ने मन्नत पूरी होने पर बच्चों का तुलादान किया। कुछ ने मिठाई से तो कुछ ने फल और लड्डू से तौलकर मन्नत पूरी की। मेले की तैयारियां नवमी से शुरू हो गई थीं। सोमवार रात को भजन-कीर्तन और तेजाजी की कथा का मंचन हुआ। मंदिर की आकर्षक सजावट की गई और आसपास मेला लगाया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय जाट महासभा भारत के बड़वानी जिला अध्यक्ष दिलीप पटेल, ग्राम तलून जाट समाज के अध्यक्ष राजाराम जाट, मध्य क्षेत्र संगठन के उपाध्यक्ष अनिल जाट, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी और ग्राम के युवाओं ने योगदान दिया। तस्वीरें देखिए…
