कैमूर के भभुआ थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। देनवा गांव में शनिवार की शाम को शौच के लिए गए रामावतार बिंद (22) की नदी में डूबने से मौत हो गई। रामावतार वरना गांव का रहने वाला था और पिछले 2 महीने से अपनी बहन के घर देनवा गांव में रह रहा था। शनिवार शाम को वह शौच के लिए घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रात में उसकी तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। शव नदी में उपलाते हुए ग्रामीणों ने देखा रविवार सुबह जब ग्रामीण नदी की तरफ गए, तो उन्होंने रामावतार का शव नदी में उपलाते हुए देखा। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। भभुआ के जिला पार्षद विकास सिंह उर्फ लल्लू पटेल ने सरकार से आपदा के तहत मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता राशि देने की मांग की है।
