अलीगढ़ में शुक्रवार सुबह से ही मौसम सुहावना बना हुआ था और आसमान में काले घने बादल छाए हुए थे। दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। लगभग 15 मिनट तक तेज बारिश हुई, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। अलीगढ़ में हल्की सी बारिश के बाद ही जलभराव की स्थिति बन जाती है और राहगीरों और आमजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर निगम हर साल दावे करता है कि बारिश में जलभराव की स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन हर बारिश के बाद नगर निगम के दावे फेल हो जाते हैं। रामघाट रोड पर भरा पानी अलीगढ़ में बारिश के दौरान सबसे ज्यादा बुरा हाल रामघाट रोड पर होता है। शहर की लाइफ लाइन कही जाने वाली रामघाट रोड पर थोड़ी सी ही बारिश के बाद पानी भर जाता है और लोगों को परेशानी होती है। शुक्रवार को भी हुई बारिश के बाद यही हाल हुआ और लोग परेशान होते रहे। तापमान में आई गिरावट, मौसम में आई ठंडक अलीगढ़ में बीते दिनों बारिश हुई थी, जिसके बाद लगातार दो दिन से धूप निकल रही थी। ऐसे में जिले का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं शुक्रवार को जब तेज बारिश हुई तो जहां मौसम में ठंडक आई और लोगों को उसम से राहत मिली। आमजनों को राहत के साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। जिले का तापमान गिरकर 29.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। वहीं आसमान में लगातार बादल छाए हुए हैं और शाम तक फिर से तेज बारिश हो सकती है। कई दिन रहेगा ऐसा ही मौसम मौसम विभाग की माने तो अभी कई दिन तक अलीगढ़ में ऐसा ही मौसम बना रहेगा ओर रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। शनिवार और रविवार तक मौसम में बदलाव देखा जाएगा और तापमान में भी गिरावट आएगी।
