सिटी रिपोर्टर|मधुबनी सोमवार को डीएम आनंद शर्मा ने समाहरणालय सभाकक्ष में स्वच्छता ही सेवा अभियान के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कई महत्त्वपूर्ण निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग 15 दिनों तक मनाए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर लें। डीएम ने नगर निगम मधुबनी सहित नगर निकाय के सभी अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई के दृष्टिकोण वाले ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर लें, साथ ही सफाई के पूर्व उक्त ब्लैक स्पॉट का फोटो तथा सफाई के बाद का भी ससमय पोर्टल पर फोटो अपलोड करेंगे। 17 सितंबर से शुरू हो रहे इस अभियान में स्वच्छता रैली, वृक्षारोपण अभियान, स्कूल कर कॉलेज के छात्रों के बीच पेंटिंग्स प्रतियोगिता, प्रभातफेरी, एक पत्र अभिभावक के नाम कार्यक्रम, तालाब, बस स्टैंड, मंदिर जैसे सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान, स्वच्छता शपथ, स्लोगन राइटिंग, भाषण, निबंध लेखन, मेंहदी आदि प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, स्वयंसेवी संस्थानों के अधिकारी व सदस्य आदि भाग लेंगे। डीएम ने बैठक में उपस्थित नगर आयुक्त, डीपीओ नमामि गंगे, डीपीओ आईसीडीएस, स्वच्छता पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम की सफलता को लेकर संबंधित प्रखंडस्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करें। बैठक में डीएम द्वारा जिलास्तरीय पदाधिकारियों को भी ससमय कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि 13 सितंबर को स्वच्छता ही सेवा अभियान के तैयारियों की पुनः उनके द्वारा समीक्षा की जाएगी। मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के द्वारा स्वास्थ्य आरोग्य मंदिर से लेकर जिला अस्पताल तक (पंचायत स्तर से जिला स्तर तक) के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वस्थ नारी-स्वस्थ परिवार कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य मेला का आयोजन 17 सितम्बर से लेकर 2 अक्टूबर तक किया जाएगा। वहीं आईसीडीएस के द्वारा 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य, डाइबिटीज से बचाव के उपाय, गंभीर रोगों के होने के कारण, उसके लक्षण तथा बचाव के तरीके की जानकारी दी जाएगी। गौरतलब हो कि यह अभियान 14 सितम्बर से प्रारंभ होकर 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके तहत जिलेभर में कई आयोजन यथा तीन दिन एक गांव अभियान, बिहार हमारा गौरव, स्वच्छता हमारी पहचान कार्यक्रम, स्वच्छता संवाद, स्वच्छता दौड़, सेल्फी पॉइंट, दीवार चित्रण (वॉल पेंटिंग), सेल्फी प्रतियोगिता, विशेष ग्रामसभा, स्वच्छता दीप/रंगोली आदि का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपनी कार्य योजना बनाने के निर्देश दिया है। उक्त बैठक में डीडीसी सुमन प्रसाद साह, नगर आयुक्त अनिल कुमार चौधरी, निदेशक डीआरडीए, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि से पदाधिकारी, डीपीओ नमामि गंगे आनंद अंकित, डीपीओ आईसीडीएस, स्वच्छता पदाधिकारी अमिताभ गुंजन, लोहिया स्वच्छता की अमृता कुमारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
