इंदौर के लसूड़िया में एक युवक की बुधवार रात करीब 3 बजे संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। वह एक होटल में ठहरा हुआ था। युवक अनूपपुर का रहने वाला है। जानकारी के बाद परिवार के लोग इंदौर पहुंच रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए मर्चुरी भेजा है और जांच शुरू कर दी है।
लसूड़िया पुलिस ने बताया कि 24 वर्षीय सुशांत कुमार पुत्र सनत कुमार दोस्त के साथ कीवी होटल में ठहरा हुआ था। रात करीब 2 बजे उसे कफ आने के साथ ही सांस लेने में दिक्कत होने लगी। दोस्त आर्या और अन्य लोग उसे भंडारी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने सुशांत को एमवाय अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद यहीं पर उसकी मौत हो गई। इंदौर में किराए से ढूंढ़ रहा था मकान
दोस्तों ने बताया कि सुशांत ने इंदौर से पढ़ाई की है। राखी के बाद वह अनूपपुर से इंदौर आया था। वह ब्रोकर का काम भी करता है। इंदौर में रहने के लिए किराए से मकान ढूंढ रहा था। सुशांत के परिवार में दो बहनें और मां हैं, जो अनूपपुर में ही रहती हैं। पिता की काफी समय पहले हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। पुलिस ने अलसुबह परिजनों को जानकारी दी। उनके इंदौर आने के बाद सुशांत का पोस्ट मार्टम कराया जाएगा।
