बस्ती में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह के साथ मनाया गया। सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं में ध्वजारोहण किया गया। मंडलायुक्त कार्यालय में आयुक्त अखिलेश सिंह ने झंडा फहराया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। डीआईजी रेंज कार्यालय में पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी और पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने तिरंगा फहराया। शहर के गांधीनगर में लेरोफी मेकअप द्वारा भारत माता की विशेष झांकी सजाई गई। जन शिक्षण संस्थान की छात्रा वंदना ने भारत माता का रूप धारण किया। पहले 5 तस्वीरें देखिए… भारत माता के रूप में उन्होंने देश के लिए अपना संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की हो, हर हाथ को रोजगार मिले और हर जगह नारी का सम्मान हो। संस्थान के निदेशक कुंवर सुरेंद्र प्रताप ने बताया कि वे हर वर्ष इस तरह की झांकी का आयोजन करते हैं। इसका उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना जगाना है। राजन इंटरनेशनल एकेडमी और जीवीएम कांवेट समेत विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
