
सोनभद्र के उंटारी थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। बुधवार को 15 वर्षीय छात्रा दुर्गा गुप्ता की सर्पदंश से मौत हो गई। दुर्गा एक निजी विद्यालय में कक्षा सात की छात्रा थी। घटना बुधवार की है। दुर्गा अपने घर में पलंग पर सो रही थी। उसके पास ही उसकी मां और छोटा भाई भी लेटे हुए थे। अचानक मां की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि पलंग के पास एक सांप गिरा हुआ है और दुर्गा तड़प रही है। इस दृश्य को देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सांप के काटने की पुष्टि होने के बाद परिवार के लोग दुर्गा को अस्पताल ले जाने के बजाय पास के एक ओझा के पास ले गए। वहां झाड़फूंक और देसी उपचार किया गया। इस दौरान दुर्गा की हालत लगातार बिगड़ती रही। परिजनों को विश्वास था कि ओझा के इलाज से वह ठीक हो जाएगी। जब दुर्गा की स्थिति अत्यधिक गंभीर हो गई, तब उसे दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। समय पर चिकित्सकीय सहायता न मिलने के कारण दुर्गा की जान नहीं बचाई जा सकी। यह घटना उत्तर प्रदेश-झारखंड सीमा से सटे क्षेत्र में हुई। दुर्गा के पिता प्रदीप गुप्ता और पूरा परिवार इस दुखद घटना से गमगीन है।